काशी में पानी की बर्बादी न करने के लिए लोगों ने ली शपथ
वाराणसी, 7 मई (वार्ता) लगातार गिरते भूजल स्तर से चिंतित काशी के लोगों ने वर्षा जल संचयन के प्रभावी उपाय करने और पानी की बरबादी न करने की शपथ ली है।पानी की समस्या की गंभीरता को देखते हुए सामाजिक संस्था ‘सुबह-ए-बनारस क्लब’ के बैनर तले संस्था के अध्यक्ष समाजसेवी मुकेश जायसवाल, लक्ष्मी नर्सिंग कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार राय तथा श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका तिवारी के नेतृत्व में मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज के परिसर में जल संरक्षण एवं पानी की बर्बादी न करने की अपील को लेकर शपथ समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शपथ ली।
वक्ताओं ने कहा कि हमारे देश-प्रदेश के कई प्रांत भूमिगत जल की कमी की समस्या से बुरी तरह जूझ रहे हैं। इसका अच्छा-खासा असर वाराणसी जिले में भी दिखने लगा है। लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए हमें कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना होगा।
संस्था द्वारा पास-पड़ोस के साथ-साथ सभी परिवारों से भी पानी की बर्बादी न करने की अपील की जा रही है। आए दिन लोग बेवजह पानी की बर्बादी करते दिखते हैं, जबकि पानी उनके जीवन का आधार है। हमें इस मर्म को समझना होगा। जल संरक्षण की ओर एक सकारात्मक पहल करनी होगी तथा भावी पीढ़ी के लिए पानी का संचय करना होगा। जल संरक्षण के माध्यम से भावी पीढ़ी को जल संकट से बचाया जा सकता है। हर देशवासी को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे तथा किसी भी स्थिति में शुद्ध पेयजल को बर्बाद नहीं होने देंगे।
सभी काशीवासियों से अपील है कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ आस-पड़ोस के लोगों को भी जागरूक करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें