सड़क दुर्घटना में पिता सहित तीन लोगों की मौत और छह अन्य घायल
प्रयागराज, ( दिनेश तिवारी) उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के नैनी में नए यमुना पुल चौराहे के पास अनियंत्रित एक की दूसरी कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में पिता और उसके दो पुत्रों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटी और बहन - बहनोई समेत छह लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शांतिपुरम फाफामऊ के रहने वाले दीपक चौरसिया (45) परिवार और रिश्तेदारों के साथ अपनी अर्टिगा कार से मध्य प्रदेश स्थित माता शारदा देवी का दर्शन करने के लिए मैहर जा रहे थे। सुबह नौ बजे उनकी कार नैनी में लेप्रोसी चौराहा पहुची थी कि महोबा की तरफ से आ रही रीवा मार्ग पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए दूसरी पटरी पर जा रहे अर्टिगा कार से जा टकराई। हादसे में कार सवार पिता और उसके दो पुत्रों की मौत हो गई। पुत्री के साथ बहन और बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सयूवी सवार तीन छात्रों को भी चोटे आई हैं। सभी छह घायलों को उपचार के लिए बेली अस्पताल भेजा गया
उन्होंने बताया कि हादसे में दीपक चौरसिया ( 45) , पुत्र दिव्यांशु चौरसिया ( 20 ) और मान चौरसिया (17 ) की मौके पर ही मौत हो गई। पुत्री कुमारी हर्षिता चौरसिया ( 20 ) , दीपक के बहनोई अनिल चौरसिया और बहन बेबी चौरसिया निवासी दारागंज प्रयागराज घायल हो गए।
दूसरी गाड़ी एक्सयूवी में सवार अर्पित कुमार यादव (20 ) निवासी शंकर मार्केट गरथौली थाना कूड़ेभार जिला सुल्तानपुर चला रहा था। उसके साथ एक्सयूवी में प्रिंस ( 21 ) निवासी रजौनी थाना महोकंठ जिला महोबा और अंकित निवासी अज्ञात सवार थे। यह तीनों भी घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार अर्पित यूनाइटेड विश्वविद्यालय औद्योगिक क्षेत्र में एमसीए प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर का छात्र है। गाड़ी यही चला रहा था। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में ले लिया है। कार चालक को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें