तहसील सदर का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
देवरिया, 27 मई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को औचक रूप से तहसील सदर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर, न्यायालयों एवं विभिन्न कार्य पटलो का जायजा लेते हुए उपस्थित कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं आमजन से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर एवं भवन की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा समुचित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन से पांच वर्ष पुराने वादों की पत्रावलियों को निकलवाया तथा इसमें से एक दो पुराने प्रकरणों का अवलोकन किया तथा संबंधित कर्मचारियों से प्रकरणों की स्थिति की जानकारी की।
जिलाधिकारी ने न्यायालयों के पेशकारों को निर्देशित किया कि फर्दकाम का सही अंकन नियमित रूप से किया जाए तथा पत्रावलियों का रखरखाव व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तहसील स्तरीय सभी पीठासीन अधिकारियों को पुराने वादों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील सभागार में तहसीलबार एसोशिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के साथ संवाद की। उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने अधिवक्ताओं से वादों के त्वरित निस्तारण में सहयोग करने की अपेक्षा की तथा कहा कि न्यायिक एवं राजस्व कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार, तहसीलदार के के मिश्र, नायब तहसीलदार व राजस्व निरीक्षक, राजस्व कर्मी एवं अधिवक्ता आदि उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें