28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 6.38 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
गोरखपुर। जिले में पोलियो पल्स पोलियो अभियान का 28 जून से शुरू होगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से बचाव की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को सीएमओ कार्यालय परिसर से एक जागरूकता रैली निकाली गई।
जागरूकता रैली को सीएमओ डॉ. राजेश झा एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नंदलाल कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लिया।
रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 28 जून को जिला महिला अस्पताल से बूथ दिवस के रूप में किया जाएगा। इसके बाद 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण खुराक से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि जनपद में करीब 8.86 लाख घरों तक पहुंचने की योजना बनाई गई है और 6.38 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्वयंसेवी संगठन सहयोग करेंगे।
सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 28 जून को अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं तथा घर-घर भ्रमण के दौरान आने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो रोधी खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नंदलाल कुशवाहा ने कहा कि अभियान की सतत निगरानी की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें