गोरखपुर में भाजपा की बैठक, 5 से 21 जून तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय


गोरखपुर, 4 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री तथा गोरखपुर के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को गोरखपुर में भाजपा महानगर और जिला कोर कमेटी के साथ बैठक कर आगामी संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने, प्रदेश सरकार के 9 वर्ष तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।

सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन अवसरों को “बारह साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के रूप में मनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, समर्पण और संकल्प की राजनीति को नया आयाम मिला है तथा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि 5 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद सहित पूरे देश में योग कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि 8 जून से 12 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर नागरिकों से संवाद करेंगे और सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी देंगे। इस अवधि में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्राएं तथा “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक जिले में व्यापक जनसंपर्क का लक्ष्य रखा गया है, ताकि किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी और श्रमिक सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का संदेश पहुंच सके। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश कुमार गुप्ता, दर्जा प्राप्त मंत्री पुष्पदंत जैन, सांसद रवि किशन, विभिन्न विधायक तथा कोर कमेटी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल उत्सव नहीं, बल्कि जनता के बीच संवाद स्थापित करने और विकास की यात्रा को साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां और जनकल्याणकारी योजनाएं व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचेंगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास