जेवर के नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानें शुरू
ग्रेटर नोएडा, 15 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोमवार को वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन शुरू हो गया।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू की मौजूदगी में लखनऊ से आई इंडिगो की पहली विशेष उड़ान 6ई2278 का पारंपरिक वाटर कैनन सैल्यूट के साथ रनवे पर स्वागत किया गया। वहीं, लखनऊ जाने वाली विशेष उड़ान 6ई5212 को श्री नायडू और अन्य गणमान्य अतिथियों ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद बेंगलुरु के लिए विशेष उड़ान रवाना हुई।
श्री नायडू ने इससे पहले जेवर के उन किसानों से भी बात की जो विशेष उड़ान से लखनऊ गये हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विमानन क्षेत्र के विकास पर और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया है।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली-एनसीआर का दूसरा बड़ा हवाई अड्डा बन गया है। इंडिगो की आज यहां से आठ उड़ानों की योजना है जिनमें चार आगमन और चार प्रस्थान की उड़ानें शामिल हैं। मंगलवार से अकासा भी यहां से उड़ानों का परिचालन शुरू कर रही है।
इंडिगो यहां से 16 से अधिक शहरों को सीधे जोड़ेगी।
इस हवाई अड्डे का निर्माण ज्युरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 28 मार्च को हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था।
अभी हवाई अड्डे के विकास का पहला चरण ही पूरा हुआ है। इसमें एक रनवे और एक टर्मिनल भवन के साथ परिचालन शुरू किया जा रहा है जिसकी सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की है। कुल चार चरणों में इसका विकास किया जाना है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें