गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बन रहा क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक
गोरखपुर, 24 जून वार्ता) पूर्वी उत्तर प्रदेश के आस पास के क्षेत्रों के गंभीर रोगों से पीड़ितों को जीवनरक्षक उपचार के लिए दूसरे शहरों की भागदौड़ न करनी पड़े, इसके लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 50 बेडेड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण पूर्णता की ओर है।आधिकारिक सूत्रों ने बुध्दवार को बताया कि 18.69 करोड़ रुपये की लागत वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक के निर्माण की भौतिक प्रगति 92 प्रतिशत से अधिक है और वर्तमान में फिनिशिंग के कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत कराया जा रहा है। इसे भूतल प्लस दो मंजिला बनाया गया है।
कार्यदायी संस्था यूपी राजकीय निर्माण निगम से मिली जानकारी के अनुसार अंतिम दौर में फिनिशिंग का काम चल रहा है और जल्द ही सभी कार्य पूर्ण हो जाएंगे। इस ब्लॉक के शुरू होने से आपातकालीन और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें समय पर और उत्कृष्ट इलाज मिल सकेगा। यह ब्लॉक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं से लैस होगा।
उल्लेखनीय है कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज न केवल गोरखपुर, बल्कि देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर समेत बिहार के सीमावर्ती जिलों और नेपाल तक के मरीजों के इलाज का मुख्य केंद्र है। ऐसे में 50 बेड का यह नया क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक गंभीर रूप से बीमार मरीजों, दुर्घटना का शिकार हुए लोगों और वेंटिलेटर व आईसीयू सपोर्ट की आवश्यकता वाले रोगियों के लिए .संजीवनी. साबित होगा। स्थानीय स्तर पर इतनी बड़ी व्यवस्था होने से न सिर्फ मरीजों का समय बचेगा, बल्कि उनके तीमारदारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी काफी कम हो जाएगा। योगी सरकार की इस पहल से न केवल गोरखपुर बल्कि पूरे पूर्वांचल का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर एक नए स्तर पर पहुंचने वाला है, जिससे आने वाले दिनों में गोल्डेन ऑवर के दौरान बड़ी संख्या में गंभीर मरीजों की जान समय रहते बचाई जा सकेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें