डीएम ने मेडिकल कॉलेज की परियोजनाओं की समीक्षा की, निर्माण कार्यों में शिथिलता पर दी कार्रवाई की चेतावनी


युद्धस्तर पर पूरे हों मेडिकल कॉलेज की सभी निर्माण परियोजनाएं

संबंधित अधिकारी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें, प्रगति पर रखें पैनी नजर

निर्माण की शिथिलता पाए जाने पर दें अपनी रिपोर्ट, कार्यदायी संस्थाओं की जिम्मेदारी तय कर होगी विधिक कड़ी कार्यवाही

ट्रॉमा सेंटर एवं क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य हर हाल में जून तक कार्यदाई संस्था करें पूरा, लापरवाही स्वीकार नहीं: जिलाधिकारी 

देवरिया, 13 जून। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने  कलेक्ट्रेट कार्य कक्ष में महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की निर्माणाधीन विभिन्न कार्य परियोजनाओं की  राजकीय निर्माण निगम एवं सीएनडीएस के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही माह जून तक ही कार्यों को पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।  उन्होंने ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट तथा अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन करते हुए माह जून तक अवश्य ही पूरे किए जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट रुप से हिदायत देते हुए कहा है कि तय समय सीमा तक कार्य पूर्ण नहीं होने पर उसकी जांच कराई जाएगी, कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी भी तय होगी तथा उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी। 

         जिलाधिकारी ने ट्रॉमा सेंटर के निर्माण कार्य को माह जून तक पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज जनपद के साथ-साथ पड़ोसी जनपदों एवं सीमावर्ती राज्यों के मरीजों के लिए भी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ मरीजों को बेहतर उपचार, आवश्यक दवाएं एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज की परियोजनाएं सीधे जनहित एवं जनस्वास्थ्य से जुड़ी हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए।

           जिलाधिकारी ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ रजनी पटेल एवं सीएमएस डॉ एचके मिश्रा को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों का नियमित अनुश्रवण करें तथा प्रगति की सतत निगरानी बनाए रखें। यदि किसी स्तर पर कार्य में शिथिलता दिखाई दे तो तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आवश्यक कार्रवाई प्रस्तावित की जाए।

            जिलाधिकारी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को पूर्ण रूप से क्रियाशील एवं सुविधासंपन्न बनाने के लिए सभी निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। 

          बैठक में  विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता, प्रोजेक्ट मैनेजर एवं संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास