भीषण गर्मी में एयर कंडीशनर बन सकता है आग का कारण, अग्निशमन अधिकारी ने जारी की सुरक्षा सलाह
गौतमबुद्धनगर 17 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर कहा गया कि गर्मियों के मौसम में लगातार बढ़ते तापमान के साथ एयर कंडीशनर के अधिक उपयोग से आग लगने की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।श्री कुमार ने इसी को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को एयर कंडीशनर के सुरक्षित उपयोग, विद्युत सुरक्षा और आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
बुधवार को वीडियो संदेश जारी कर जानकारी साझा करते हुए अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि गर्मी के दिनों में एयर कंडीशनर लगातार लंबे समय तक चलने के कारण ओवरलोडिंग, शॉर्ट सर्किट और वायरिंग में खराबी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जो आग लगने की बड़ी वजह बनती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि एयर कंडीशनर की नियमित सर्विसिंग कराएं और केवल मानक गुणवत्ता वाले विद्युत उपकरणों का ही उपयोग करें।
उन्होंने कहा कि एयर कंडीशनर के लिए अलग विद्युत लाइन और उपयुक्त क्षमता वाले एमसीबी का प्रयोग किया जाना चाहिए। पुराने या क्षतिग्रस्त तारों, ढीले कनेक्शन और लोकल एक्सटेंशन बोर्ड के उपयोग से बचना चाहिए। साथ ही, एयर कंडीशनर के आसपास ज्वलनशील वस्तुएं नहीं रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल मुख्य विद्युत आपूर्ति बंद करने और सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि आग विद्युत उपकरणों से संबंधित हो तो उस पर पानी नहीं डालना चाहिए। ऐसी स्थिति में अग्निशमन विभाग को तुरंत सूचना दें और उपलब्ध होने पर उपयुक्त अग्निशामक यंत्र का उपयोग करें।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में अग्निशमन सेवा के हेल्पलाइन नंबर 112 अथवा स्थानीय फायर स्टेशन से तुरंत संपर्क करें।
अग्निशमन विभाग का उद्देश्य जागरूकता के माध्यम से दुर्घटनाओं को रोकना है। विभाग द्वारा जारी इस सुरक्षा संदेश का पालन कर नागरिक स्वयं और अपने परिवार को संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षित रख सकते हैं।
अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और सुरक्षा मानकों का पालन कर आग की घटनाओं को रोकने में सहयोग करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें