बौद्ध-जैन सर्किट से मिलेगा रोजगार को बढ़ावा, फाजिलनगर का नाम होगा पावागढ़: योगी
कुशीनगर, 2 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को तमकुहीराज स्थित एनएचएआई पार्किंग ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार कुशीनगर और आसपास के क्षेत्र को बौद्ध एवं जैन सर्किट के रूप में विकसित कर रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।कुशीनगर में 424 करोड़ से अधिक की 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और भगवान राम के पुत्र कुश की पावन धरती है। उन्होंने घोषणा की कि फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ किया जाएगा, जिसे भगवान महावीर से जोड़कर नई पहचान दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया जा रहा है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और माफिया व अपराधियों का बोलबाला था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने माफिया, अपराध और अराजकता पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है, जिससे व्यापारी, किसान और युवा सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले जहां प्रदेश में अवैध हथियार और बम बनाने की खबरें आती थीं, वहीं आज उत्तर प्रदेश देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने में योगदान दे रहा है और यहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं के विकास से प्रदेश निवेश और उद्योग के लिए आकर्षण का केंद्र बना है।
मुख्यमंत्री ने कुशीनगर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बेहतर सड़क नेटवर्क और आधुनिक बुनियादी ढांचे ने जिले को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 424 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने कुशीनगर से इंसेफेलाइटिस और माफिया दोनों का खात्मा किया है। मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी, लेकिन अब दोनों समस्याओं का समाधान हुआ है। आज कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी सुविधाएं मिल रही हैं और इसी सत्र से कृषि विश्वविद्यालय में प्रवेश शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी, ताकि क्षेत्र भगवान महावीर की विरासत से जुड़कर वैश्विक पहचान पाए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें