जरूरतमंदों के साथ खड़ी है सरकार, हर उचित समस्या का कराएगी निदान- योगी आदित्यनाथ


गोरखपुर, 14 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित दिग्विजय नाथ स्मृति भवन के बाहर ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग 200 लोग अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे लोगों से एक-एक कर सभी की समस्या सुनी और उचित निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है, सभी की उचित समस्या का निदान कराएगी। श्री योगी ने मामलों के निस्तारण के लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित करते हुए निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण निष्पक्ष और समयसीमा के भीतर होना चाहिए।
उन्होंने ‘जनता दर्शन’ में पुलिस व राजस्व संबंधी शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। समयसीमा के भीतर पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।
श्री योगी आदित्यनाथ ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से कहा कि आप परिजनों के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दें, सरकार इलाज में मदद करेगी। जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा। लोगों को विवेकाधीन कोष से भी सहायता दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने हर जरूरतमंद, पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री की गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान आज सुबह भी दिनचर्या परंपरागत रही। प्रातःकाल महायोगी गुरु गोरखनाथ, ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद मंदिर की गोशाला में गोसेवा की। गोवंश को अपने हाथ से गुड़-रोटी खिलाकर उन पर स्नेह बरसाया। फिर मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए परिजनों के साथ आए बच्चों को पास बुलाकर उन्हें दुलारा, पढ़ाई के बारे में बातचीत की और उन्हें चॉकलेट दी। ‘जनता दर्शन’ के दौरान भी सीएम ने बच्चों को चॉकलेट दी और खूब मन लगाकर पढ़ने-आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास