अखिलेश हुये 53 वर्ष के, योगी, मायावती ने दी बधाई
लखनऊ, 1 जुलाई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को 53 वर्ष के हो गये हैं। उनके जन्मदिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती समेत कई अन्य गणमान्य हस्तियों ने बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, "समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके आरोग्यता, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना है।"
यूपी की राजनीति के दो बड़े चेहरों द्वारा विपक्षी दल के नेता को सार्वजनिक तौर पर जन्मदिन की बधाई देने को सियासी शिष्टाचार के रूप में देखा जा रहा है।
योगी से पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी सुबह ट्वीट कर अखिलेश यादव को बधाई दी थी। उन्होने अपने ट्वीट में लिखा, "समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान में सपा सांसद श्री अखिलेश यादव जी को आज उनके जन्मदिन पर उन्हें व उनके परिवार वालों को हार्दिक बधाई एवं उनके अच्छे जीवन व लम्बी उम्र की शुभकामनायें।"
मायावती का यह ट्वीट सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल 2024 लोकसभा चुनाव और 2022 विधानसभा चुनाव में बसपा और सपा आमने-सामने थीं। दोनों दलों के बीच तल्ख बयानबाजी भी होती रही है। ऐसे में जन्मदिन पर सार्वजनिक तौर पर दी गई बधाई को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
सपा प्रमुख का जन्म 1 जुलाई 1973 को हुआ था। आज पूरे प्रदेश में सपा कार्यकर्ता जगह-जगह केक काटकर और पौधरोपण कर उनका जन्मदिन मना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सपा और विपक्ष के कई नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें