मोदी ने हर बार झूठ बोलकर देश की जनता को ठगा: अजय राय
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर बार झूठ बोलकर देश की जनता को ठगने का काम किया है। शुक्रवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय पहुंचे अजय राय ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर से छात्रों और नौजवानों का विश्वास पूरी तरह से उठ चुका है। जंतर मंतर का आंदोलन खत्म नहीं होगा जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हो जाता और श्री मोदी को बर्खास्त नहीं कर दिया जाता। इससे कम पर कोई समझौता नहीं है। यह छात्रों और नौजवानों के भविष्य का सवाल है।
नोटबंदी के समय भी श्री मोदी ने भावुक अपील करके जनता को गुमराह किया था और 50 दिन की मोहलत मांगी थी। आज भी अपील करके लोगों को बहकाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता बहकावे में आने वाली नहीं है। दिल्ली में चल रहा आंदोलन किसी पार्टी का किसी व्यक्ति का नहीं बल्कि देश के बच्चों का है, जिनका भविष्य बर्बाद हो रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा अब तक 152 पर्चे लीक हो चुके हैं। पंजाब में पेपर लीक पर कहा कि आम आदमी पार्टी भी भाजपा की दलाल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के ईशारे पर पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपमानित करने का कार्य किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें