अयोध्या-बद्रीनाथ चढ़ावा विवाद पर मायावती ने की ट्रस्ट प्रबंधन की जांच की मांग
लखनऊ, 7 जुलाई (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने अयोध्या स्थित राम मंदिर और उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में सामने आए कथित चढ़ावा गड़बड़ी के मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है।सुश्री मायावती ने ‘एक्स’ पर दोनों धार्मिक स्थलों के ट्रस्ट प्रबंधन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सरकार और एसआईटी को इस मामले पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर के बाद अब उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे में चोरी और गबन का मामला चर्चा में है। दोनों विख्यात धार्मिक स्थलों के ट्रस्ट से जुड़े मुख्य प्रबंधकों की गहन जांच होनी चाहिए, क्योंकि आम चर्चा है कि निचले स्तर पर हुई गड़बड़ियों में या तो उनकी मिलीभगत रही है या फिर लापरवाही। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सही जांच नहीं हुई तो भविष्य में अन्य प्रबंधक भी इसका दुरुपयोग कर सकते हैं।
बसपा प्रमुख ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुये कहा कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम मंदिर के चढ़ावे में बड़ी रकम की चोरी और गबन के आरोप लगा रहे हैं, इसलिए उनसे भी इन आरोपों के पुख्ता सबूत लिए जाने चाहिए ताकि कोई दोषी बच न सके।
सुश्री मायावती ने कहा कि यदि विपक्ष अपने आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण नहीं देता है तो इसे केवल राजनीतिक बयानबाजी माना जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धा और जनहित के वास्तविक मुद्दों को पीछे छोड़कर कुछ विपक्षी दल इस विवाद की आड़ में चुनावी राजनीति करना चाहते हैं।
उन्होंने अपने पोस्ट में सरकार और एसआईटी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर जांच सुनिश्चित करने की अपील की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें