जिला अस्पताल परिसर में चला डेंगू मुक्ति अभियान, एंटी लार्वल छिड़काव के साथ दिया गया जागरूकता का संदेश


गोरखपुर। जनपद में संचालित "डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान" की कड़ी में गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर में विशेष डेंगू मुक्ति अभियान चलाया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक साफ-सफाई और जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

अभियान के दौरान परिसर में ठहरे हुए पानी की पहचान कर उसकी सफाई कराई गई तथा संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर एंटी लार्वल दवा का छिड़काव किया गया। साथ ही कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। अभियान में जिला चिकित्सालय के कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने कहा कि बारिश के बाद विभिन्न स्थानों पर ठहरे हुए साफ पानी में डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर के पनपने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और जनजागरूकता डेंगू नियंत्रण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने देने की अपील की।

जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि छतों, कूलरों, गमलों, टंकियों तथा आवासीय क्षेत्रों के आसपास जमा पानी की नियमित सफाई करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सप्ताह में कम से कम एक बार पानी के पात्रों को खाली कर साफ करने से डेंगू के मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सकता है।

इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.के. सुमन, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. राजेश, क्वालिटी मैनेजर डॉ. मुकुल सहित नगर निगम, मलेरिया विभाग एवं फाइलेरिया विभाग की टीम के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान के साथ-साथ विभिन्न सरकारी परिसरों में भी मच्छर रोधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं, ताकि जनपद को डेंगू और अन्य मच्छर जनित रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास