रामपुर और सैफई सिंडिकेट ने युवाओं का भविष्य बिगाड़ा, अब हर जिले को मिल रहा रोजगार: योगी


अमरोहा, 18 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विपक्षी दलों विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी भर्तियां रामपुर और सैफई के सिंडिकेट के प्रभाव में होती थीं, जिससे योग्य युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, जिसके परिणामस्वरूप अब हर जिले के योग्य युवाओं को बिना भेदभाव रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपने दौरे के दौरान औद्योगिक नगरी गजरौला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गाजियाबाद, बुलंदशहर, अमरोहा और संभल जनपदों में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और सिंडिकेट मुक्त व्यवस्था ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, कानून-व्यवस्था और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है। आने वाले समय में भी प्रदेश की राजनीति का आधार सुरक्षा, सुशासन और भ्रष्टाचार तथा सिंडिकेट से मुक्त प्रशासन रहेगा। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे ट्रॉमा सेंटर, बिजली, गन्ना, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर लगातार सक्रिय रहते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना तथा किसान ड्रोन अनुदान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और आर्थिक सहायता भी वितरित की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले और उसके बाद के उत्तर प्रदेश की तुलना करते हुए कहा कि पहले चीनी मिलें बंद हो रही थीं, जबकि आज प्रदेश में 122 चीनी मिलों का संचालन हो रहा है और गन्ना किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया है, जिसके कारण उत्तर प्रदेश आज देश में गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में अग्रणी राज्य बन चुका है।
उन्होंने कहा कि मध्य गंगा नहर परियोजना और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी आधारभूत संरचना परियोजनाओं ने अमरोहा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश को दिल्ली, लखनऊ और प्रयागराज से बेहतर सड़क संपर्क प्रदान किया है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिली है।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले धार्मिक आयोजनों पर विभिन्न प्रकार की पाबंदियां लगाई जाती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में कांवड़ यात्रा और तिगरी मेले जैसे धार्मिक आयोजन पूरी सुरक्षा और भव्यता के साथ संपन्न हो रहे हैं।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय माफिया और सिंडिकेट व्यवस्था हावी थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपराध और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि "बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए अब केवल दो ही स्थान बचे हैं—जेल या जहन्नुम।" उन्होंने दावा किया कि राज्य में माफिया तंत्र को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में सरकार ने प्रभावी कार्रवाई की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास, सुरक्षा और पारदर्शी प्रशासन के माध्यम से उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाना है और इसी उद्देश्य के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास