यात्रियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी, कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव


प्रयागराज, 03 जुलाई (वार्ता) उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। साथ ही झांसी मंडल के ललितपुर स्टेशन पर चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सूरत-छपरा-सूरत साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (09065/09066) का संचालन जुलाई 2026 तक बढ़ा दिया गया है। गाड़ी संख्या 09065 सूरत से प्रत्येक मंगलवार तथा 09066 छपरा से प्रत्येक बुधवार को चार-चार अतिरिक्त फेरे लगाएगी। 24 कोच वाली इस ट्रेन में 10 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, दो सामान्य और दो एसएलआरडी कोच लगाए गए हैं।
ललितपुर स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 14 जुलाई को सूरत से तथा 15 जुलाई को छपरा से चलने वाली यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग से नागदा, कोटा, मथुरा, टूंडला, गोविंदपुरी और प्रयागराज होकर संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन उज्जैन, बीना और झांसी स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
इसी प्रकार अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि भी बढ़ा दी गई है। यह ट्रेन जुलाई और अगस्त में पांच-पांच अतिरिक्त फेरे लगाएगी। अहमदाबाद से यह प्रत्येक शुक्रवार तथा दरभंगा से प्रत्येक सोमवार को चलेगी। मार्ग परिवर्तन के तहत यह ट्रेन गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर सिटी होकर संचालित होगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि 17 और 20 जुलाई को संचालित होने वाली संबंधित ट्रेनों को झांसी-बीना-गुना मार्ग के स्थान पर कोटा-टूंडला मार्ग से चलाया जाएगा।
इसके अलावा गांधीधाम-भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल ट्रेन (09451/09452) के भी जुलाई और अगस्त के लिए पांच-पांच अतिरिक्त फेरे स्वीकृत किए गए हैं। मार्ग परिवर्तन के तहत यह ट्रेन लखनऊ और गोरखपुर के बजाय फतेहपुर, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, गाजीपुर सिटी और छपरा होकर चलेगी, जिससे प्रयागराज एवं पूर्वांचल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों के मार्ग, समय-सारणी और परिचालन की अद्यतन जानकारी प्राप्त करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास