हॉस्टलों को डेंगू मुक्त बनाने के लिए चलेगा विशेष अभियान
गोरखपुर। जिले में डेंगू की रोकथाम और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गोरखपुर में जुलाई माह के दौरान हॉस्टलों में विशेष सफाई एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा “डेंगू मुक्त हॉस्टल” अभियान के तहत विभिन्न शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से व्यापक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर, एम्स गोरखपुर, महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय तथा पंडित दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय सहित कई प्रमुख संस्थानों के सहयोग से यह अभियान संचालित किया जाएगा। इसकी शुरुआत बीआरडी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टलों से किए जाने की तैयारी है।
सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं एवं अन्य निवासियों को डेंगू से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि अपने कमरों, बाथरूम, किचन तथा आसपास कहीं भी साफ पानी जमा न होने दें, क्योंकि एडीज मच्छर साफ पानी में ही पनपता है। कूलर का पानी प्रत्येक सप्ताह बदलने और उसकी नियमित सफाई करने, गमलों एवं फ्लावर पॉट में पानी जमा न होने देने, पूरी बांह के कपड़े पहनने तथा मच्छररोधी क्रीम एवं स्प्रे का उपयोग करने की सलाह दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से हॉस्टल परिसर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा। छात्रों को प्रेरित किया जाएगा कि वे प्रत्येक रविवार को टोली बनाकर छतों, कूलरों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करें तथा कहीं भी जलजमाव दिखाई देने पर तत्काल संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को सूचित करें।
डॉ. झा ने बताया कि अभियान के दौरान साफ पानी के ठहराव वाले स्थानों की पहचान कर उनकी सफाई कराई जाएगी। साथ ही डेंगू रोग के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। बताया जाएगा कि डेंगू एक वायरल बीमारी है, जो दिन में काटने वाले एडीज मच्छर के माध्यम से फैलती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मानसून के मौसम में किसी भी प्रकार का बुखार होने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्रमुख सरकारी अस्पतालों में डेंगू की जांच एवं उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने छात्रों एवं संस्थानों से अपील की कि डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाकर गोरखपुर को डेंगू से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें