स्वास्थ्य विभाग ने भी किया वृहद पौधारोपण, सीएमओ ने कौड़ीराम में लगाए पौधे
गोरखपुर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी जिले में रविवार को व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया जा गया। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर पौधरोपण किया गया। एम्स गोरखपुर और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भी पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 12 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।
अभियान के तहत गोरखपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने सोमवार को कौड़ीराम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा ब्लॉक क्षेत्र के धस्का आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. राजेश झा ने कहा कि मनुष्य के स्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच गहरा संबंध है। पौधे न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने और विभिन्न बीमारियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में सभी स्वास्थ्य इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने परिसर में पौधरोपण करें तथा वर्षभर पौधों की देखरेख सुनिश्चित करें। सीएमओ ने कहा कि पौधे की सही से देखभाल करने वाले स्वास्थ्यकर्मी को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
कौड़ीराम पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष वर्मा ने बताया कि सीएमओ गोरखपुर के निर्देशन में ब्लॉक क्षेत्र की सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेते हुए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें