डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान के तहत गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रावासों में चला विशेष अभियान
गोरखपुर। मच्छर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में संचालित “डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान” के तहत बुधवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों में विशेष साफ-सफाई एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान गोरखपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा के दिशा-निर्देशों के अनुसार चलाया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि नगर निगम, मलेरिया विभाग एवं फाइलेरिया विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विश्वविद्यालय परिसर के छात्रावासों में मच्छररोधी गतिविधियां संचालित की गईं। अभियान के दौरान ठहरे हुए पानी वाले स्थानों की पहचान कर उसकी सफाई कराई गई तथा मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए एंटी लार्वल दवा का छिड़काव भी किया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत अलकनन्दा गर्ल्स हॉस्टल, संत कबीर हॉस्टल, राम प्रताप शुक्ला हॉस्टल तथा गौतम बुद्ध हॉस्टल को विशेष रूप से कवर किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को मलेरिया, फाइलेरिया और विशेष रूप से डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि घरों एवं छात्रावासों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। अभियान को सफल बनाने में विभिन्न छात्रावासों के वार्डेन का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने बताया कि “डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान” पूरे जुलाई माह में जनपद के विभिन्न शैक्षणिक एवं आवासीय संस्थानों में चलाया जाएगा। इससे पहले यह अभियान बीआरडी मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों में भी संचालित किया जा चुका है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में डेंगू और अन्य मच्छरजनित रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा छात्रावास परिसरों को मच्छरमुक्त एवं स्वच्छ बनाना है।
डॉ. झा ने कहा कि डेंगू की रोकथाम में साफ-सफाई सबसे प्रभावी उपाय है। यदि समुदाय और संस्थान मिलकर नियमित स्वच्छता बनाए रखें तथा जलभराव को रोकें, तो डेंगू सहित अन्य मच्छरजनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें