उत्तर प्रदेश पर्यटन की पहल: ‘जेन-जी’ बताएगी 60 सेकंड में अपने शहर की कहानी
लखनऊ, 31 अगस्त ( वार्ता) उत्तर प्रदेश पर्यटन ने युवाओं को प्रदेश की संस्कृति, विरासत और स्थानीय पहचान का सांस्कृतिक दूत बनाने के लिए ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत युवा अपने शहर की खासियत, अनकही कहानियों, खान-पान, परंपराओं और अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को अधिकतम 60 सेकंड की रील के माध्यम से दुनिया के सामने रख सकेंगे।पर्यटन विभाग के अनुसार, डिजिटल माध्यमों पर युवाओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए इस अभियान को रील्स के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है। यात्रा की योजना बनाने से पहले युवा अब छोटे वीडियो, स्थानीय अनुभवों और डिजिटल सामग्री को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में विभाग का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता और डिजिटल पहुंच के जरिए उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को नया स्वरूप देना है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान केवल प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है। प्रदेश के हर जिले, शहर और गांव की अपनी कहानी और पहचान है। स्थानीय खान-पान, हस्तशिल्प, त्योहार, रीति-रिवाज और उनसे जुड़ी कहानियां राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाती हैं।
उन्होंने कहा कि ‘विजिट माय स्टेट’ के माध्यम से प्रदेश की ‘जेन-जी’ सहित अन्य युवाओं को अपने-अपने शहरों का सांस्कृतिक दूत बनाने की पहल की जा रही है। युवा अपनी आवाज और अपने अंदाज में शहर की खासियत दुनिया के सामने रखेंगे, जिससे पर्यटकों को उत्तर प्रदेश को नए नजरिए से जानने का अवसर मिलेगा।
अपर मुख्य सचिव, पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि अभियान के जरिए स्थानीय लोगों को अपने शहर और आसपास के पर्यटन स्थलों की कहानी कहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवाओं की छोटी-छोटी कहानियां मिलकर प्रदेश की आस्था, विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, व्यंजन और हस्तशिल्प की विविधता को देश-दुनिया के सामने पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि लखनऊ का युवा चिकनकारी, खान-पान और पुराने शहर की संस्कृति पर रील बना सकता है, जबकि ब्रज, बुंदेलखंड, पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के युवा अपने-अपने क्षेत्र की परंपराओं और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को सामने ला सकते हैं।
पर्यटन विभाग ने युवाओं से इस अभियान में भाग लेने और अपने शहर की कहानी दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें