यात्री वाहनों की बिक्री में पहली तिमाही में महाराष्ट्र सबसे आगे, दुपहिया में उत्तर प्रदेश


नयी दिल्ली, 27 अगस्त (वार्ता) चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यात्री वाहनों की सबसे अधिक बिक्री महाराष्ट्र में दर्ज की गयी जबकि उत्तर प्रदेश दुपहिया के मामले में पहले स्थान पर रहा है।

घरेलू वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम ने गुरुवार को अप्रैल-जून 2026 की अवधि के लिए राज्यवार बिक्री के आंकड़े जारी किये। सियाम ने बताया कि पहली तिमाही में देश में बिके 12.74 लाख यात्री वाहनों में से 1.47 लाख यानी 11.6 प्रतिशत महाराष्ट्र में बिके। यात्री वाहनों में कार, उपयोगी वाहन और वैन शामिल हैं। महाराष्ट्र के बाद क्रमशः उत्तर प्रदेश (10.6 प्रतिशत), गुजरात (7.8 प्रतिशत), कर्नाटक (7.7 प्रतिशत) और तमिलनाडु (7.6 प्रतिशत) का स्थान रहा।
दुपहिया वाहनों की बिक्री में 8.82 लाख इकाई के साथ उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा। यह तिमाही के दौरान देश में बिके 56.29 लाख दुपहिया का 15.7 प्रतिशत है। उत्तर प्रदेश के बाद क्रमशः महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक और बिहार का स्थान रहा। महाराष्ट्र में 10 प्रतिशत, तमिलनाडु में 8.5 प्रतिशत और कर्नाटक तथा बिहार दोनों में 6.6 प्रतिशत दुपहिया वाहन बिके।
तिपहिया वाहनों की भी सबसे अधिक बिक्री उत्तर प्रदेश में हुई। आलोच्य तिमाही के दौरान देश भर में कुल 2.14 लाख तिपहिया वाहन बिके जिसमें 26 हजार का योगदान उत्तर प्रदेश का रहा। इसके बाद गुजरात में 9.6 प्रतिशत, कर्नाटक में नौ प्रतिशत, बिहार में 7.3 प्रतिशत और असम में 7.1 प्रतिशत बिक्री हुई।
वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 36 हजार इकाई के साथ महाराष्ट्र सबसे आगे रहा। यह पूरे देश में बिके 2.65 लाख वाणिज्यिक वाहनों का 13.8 प्रतिशत है। इसके बाद तमिलनाडु 9.4 प्रतिशत, कर्नाटक 8.3 प्रतिशत, गुजरात 8.2 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश आठ प्रतिशत का स्थान रहा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास