गोरखपुर के मंडलायुक्त ने किया विकास योजनाओं का निरीक्षण
गोरखपुर 20 अगस्त (वार्ता) गोरखपुर के मण्डलायुक्त इंन्द्र विक्रम सिंह ने जिले में चल रही विभिन्न पर्यटन एवं विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।मंडलायुक्त ने गोरखपुर स्थित विरासत गलियारा, श्री परमहंस योगानंद जी की जन्मस्थली के पर्यटन विकास कार्य, शहीद बंधु सिंह पार्क में नवनिर्मित शहीद बंधु सिंह मल्टीलेवल पार्किंग एवं व्यवसायिक भवन, हर्बर्ट बन्धा से माधोपुर बन्धा को जाने वाली निर्माणाधीन फोरलेन सड़क तथा डोमिनगढ़ से माधोपुर बन्धा को जोड़ने वाले निर्माणाधीन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का क्रमशः स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में मण्डलायुक्त ने निर्माणधीन विरासत गलियारा के कार्य प्रगति का गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की संतोष जनक कार्य प्रगति न होने पर कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए 15 सितंबर तक प्रत्येक दशा में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और संबंधित के विरुद्ध जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को नालो में जाली लगाने, केबल का तार बाहर न दिखने, साफ सफाई, अतिक्रमण हटाने के साथ ही सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्माणाधीन श्री परमहंस योगानंद जी की जन्मस्थली के पर्यटन विकास कार्य का निरीक्षण करते हुए डायग्राम का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था सीएनडीएस 14 ने बताया कि कार्य प्रगति पर है इसे समय सीमा के अंदर पूर्ण कर लिया जाएगा, मंडलायुक्त ने मैनपॉवर बढ़ाकर कार्य को गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा परिसर को पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाने का निर्देश दिए। शहीद बंधु सिंह पार्क में नवनिर्मित मल्टीलेवल पार्किंग एवं व्यवसायिक भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और भवन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में हर्बर्ट बन्धा से माधोपुर बन्धा तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क एवं डोमिनगढ़ से माधोपुर बन्धा को जोड़ने वाले रेल उपरिगामी सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों की प्रगति बढ़ाते हुए कार्यों को समय सीमा के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रहे छात्र-छात्राओं से आत्मीयता से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, कक्षा तथा स्कूल के बारे में जानकारी ली और उनकी दिनचर्या के संबंध में भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर एवं नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत एवं अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की सीख दी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें