गोरखपुर डीएचएस पूरे प्रदेश में फिर अव्वल
गोरखपुर। जिले में सेहत से जुड़े संकेतांकों को लेकर अच्छी खबर है। गोरखपुर की जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) को पूरे प्रदेश में फिर से पहली रैंक मिली है। सीएमओ डॉ राजेश झा ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने सभी को बधाई देते हुए अपेक्षा की है कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार के यह प्रयास जारी रहने चाहिए।
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि पूरे प्रदेश के डीएचएस की बैठकों की कार्यवृत्ति सहित अन्य संकेतांकों के आधार पर डीएचएस की रैंकिंग की जाती है। इस रैंकिंग में वित्तीय वर्ष 2025-26 में गोरखपुर को फिर से पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिला है। इस रैंकिंग में शासकीय निकाय की बैठकों, नियमित टीकाकरण संबंधी डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की बैठकों और जिला ऑडिट कमेटी के बैठकों के स्कोर शामिल हैं। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी गोरखपुर की डीएचएस पूरे प्रदेश में अव्वल रह चुकी है। सीएमओ ने कहा कि इसके लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारी और डीपीएम पंकज आनंद सहित डीपीएमयू से जुड़े सभी लोग बधाई के पात्र हैं।
सीएमओ डॉ झा ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को बताया कि नीति आयोग की रैंकिंग में आकांक्षी ब्लॉक बांसगांव के टॉप करने में भी स्वास्थ्य विभाग के संकेतांकों की अहम भूमिका रही है। सभी ब्लॉकों में आगे भी इसी प्रकार से काम करना है ताकि जिले की रैकिंग बेहतर बनी रही है। डॉ झा ने कहा कि सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों में टीम भावना से काम करते हुए हेल्थडैश बोर्ड रैंकिंग को भी इसी प्रकार से सुदृढ़ बनाए रखना है।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ नंदलाल कुशवाहा, डॉ एनके द्विवेद्वी, डिप्टी सीएमओ डॉ अनिल सिंह, डॉ राजेश कुमार और डीएमओ अंगद सिंह सहित सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण भी शामिल रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें