उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से चलेगा 'सेवा संकल्प अभियान'


लखनऊ, 10 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल की मौजूदगी में तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान पीएम के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएगा और 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को जनसंकल्प बनाएगा। सभी प्रभारी मंत्रियों को जनपदों और विधानसभाओं में जाकर तैयारियों की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।
शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जिला स्तर पर त्रिस्तरीय समन्वय बनाया गया है। केंद्र के 12 और राज्य के 10 वर्षों के कार्यों का डेटा-बैंक तैयार है। अभियान से 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा, जिनमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 68 लाख शहरी परिवार हैं।
17 सितंबर को 'सेवा दिवस' पर शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' जलाया जाएगा। इसी दिन विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण होगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूल-कॉलेजों में 'मेरे सपनों का भारत' चित्रकला और डिबेट प्रतियोगिताएं होंगी। नुक्कड़ नाटकों के जरिए 'नमो सेवा: अनकही कहानियां' गांव-गांव पहुंचेगी।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर 'आंगन मिलन सेवा' में कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान होगा। 'सेवा की कहानी' के तहत 25 लाख लाभार्थियों की 60 सेकंड की रील बनेंगी। 150 इन्फ्लुएंसर्स को राम मंदिर, काशी कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर का भ्रमण कराया जाएगा।

7 अक्टूबर को 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' में बाइक रैलियां और पीएम के संबोधन का प्रसारण होगा। वडनगर से वाराणसी तक 250 बाइक और 500 यात्री गंगाजल लेकर यात्रा करेंगे और दोनों स्थानों के जल से काशी विश्वनाथ व हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक होगा। इसके अलावा रक्तदान, वृक्षारोपण, सेवा शिविर, मानव रंगोली और 17 अक्टूबर को 'सुशासन सेवा संवाद' के साथ समापन होगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास