सपा सरकार में खिलाड़ियों को मिलेगा 21 लाख का यशभारती सम्मान और एक लाख रुपये मासिक पेंशन : अखिलेश

 


लखनऊ, 27 सितंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर खिलाड़ियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राज में खिलाड़ियों को अपमानित और प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर खेल और खिलाड़ियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

श्री यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में खिलाड़ियों के साथ बैठक में कहा कि खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। विदेशों में होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए कई खिलाड़ियों को यात्रा खर्च खुद वहन करना पड़ता है या दूसरों से उधार लेना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने खिलाड़ियों को यशभारती सम्मान दिया था, जिसके तहत 11 लाख रुपये के साथ 50 हजार रुपये मासिक पेंशन दी गई थी। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद यह सम्मान बंद कर दिया। सपा अध्यक्ष ने घोषणा की कि समाजवादी सरकार बनने पर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान के लिए यशभारती सम्मान के साथ 21 लाख रुपये की राशि और एक लाख रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। खिलाड़ियों के लिए चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा और खेल के लिए अलग से विशेष बजट की व्यवस्था होगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार होगा और गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में खेल और खिलाड़ियों के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए गए। लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का इकाना स्टेडियम बनाया गया, जहां बड़े खेल आयोजन होते हैं। जिलों में स्टेडियमों का निर्माण कराया गया, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि दोगुनी की गई और डाइट मनी में भी वृद्धि की गई। सैफई में ऑल वेदर स्विमिंग पूल और साइकिल ट्रैक बनाया गया तथा फ्री समर कोचिंग कैंप शुरू किए गए। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में दो प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था की थी। वर्ष 2012 में नई खेल नीति भी बनाई गई थी।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने पर्वतारोही सागर कसाना, भारत केसरी पहलवान राम आसरे, सुभाष तोमर, मोहम्मद अकरम, युधिष्ठिर, कोच विनोद कुमार, कोच जितेंद्र सिंह यादव, नीरज, चरन यादव, मोनिका पहलवान, वंशिका चौधरी, शूटर शेफाली तोमर, अर्जुन पुरस्कार प्राप्त गुलाब, नीलू पहलवान, बॉक्सर अजय कुमार, कोच ओम प्रकाश, अवध यादव, भानु प्रताप, लालजी, अंतरराष्ट्रीय कोच वेद प्रकाश तथा ब्लैक डायमंड एथलीट गुलाब सिंह समेत खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सागर कसाना ने 6,111 मीटर ऊंचे शिखर पर पीडीए पताका फहराई थी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास