'युवाओं की सोच बदल रही है, सरकार भी बदलेगी': अखिलेश
लखनऊ, 16 सितंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बेरोजगारी के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब युवाओं में भाजपा सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच बदल गया है और सरकार भी बदलेगी।
श्री यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर बुधवार को एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) लगातार यह बात कहती रही है कि 'नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं।' उनके मुताबिक, बेरोजगारी से परेशान युवा भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट हो रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की सबसे बड़ी नैतिक हार यह होती है कि पीड़ित जनता विपक्ष से उम्मीद करे लेकिन सत्ता पक्ष से नहीं।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में पीडीए सरकार बनेगी और नए दौर की जरूरतों के अनुरूप रोजगार तथा कारोबार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में जनता की पीड़ा बढ़ रही है और इसी वजह से पीड़ितों की संख्या भी बढ़ रही है। उन्होंने 'जो पीड़ित, वो पीडीए' का नारा देते हुए युवाओं से भाजपा के खिलाफ लामबंद होने का आह्वान किया। श्री यादव ने कहा, "यूथ कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा।"

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें