कई दलों के दर्जनों नेताओं ने थामा सपा का दामन, अखिलेश बोले- पीडीए की ताकत होगी मजबूत

 


लखनऊ, 17 सितंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) की नीतियों और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में आस्था जताते हुए भाजपा, राष्ट्रीय लोक दल, बसपा, एआईएमआईएम, निषाद पार्टी और अपना दल समेत विभिन्न दलों के दर्जनों नेताओं ने गुरुवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा छोड़कर पूर्व मंत्री राम आसरे कुशवाहा ने सपा में वापसी की। इसके अलावा अलीगढ़ के बरौली से विजय कुमार सिंह, कन्नौज के तिर्वा से अंशु दुबे, निषाद पार्टी के कन्नौज जिलाध्यक्ष अनूप कश्यप, गोरखपुर से मनोज कुमार निषाद, अविनाश निषाद, शिव प्रसाद निषाद, आसिक अली और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष आशीष पाल ने सपा की सदस्यता ली।
मथुरा से राष्ट्रीय लोक दल के पूर्व प्रत्याशी अशोक कुमार अग्रवाल, फतेहपुर से बसपा नेताओं कौशल किशोर पटेल और उदय शंकर पटेल, यूपी लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजकुमार सागर, बसपा के पूर्व उपाध्यक्ष आरिफ खां और मंडल अध्यक्ष रहे हारून खां भी सपा में शामिल हुए। एआईएमआईएम के पूर्व जिलाध्यक्ष सबी अली खान और पूर्व जिला महासचिव रईस अधिवक्ता तथा अपना दल के कानपुर देहात जिलाध्यक्ष रवि पटेल ने भी अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण की।
सपा के मुताबिक, नवागत नेताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने और सरकार बनाने के लिए काम करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से समाजवादी पार्टी और पीडीए की ताकत मजबूत होगी। उन्होंने सभी नेताओं से अपने-अपने कस्बों, नगरों, बूथों और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी। कार्यक्रम में कन्नौज के तिर्वा विधानसभा अध्यक्ष शरद यादव, प्रयागराज की पूजा मिश्रा, गोरखपुर के जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार यादव और कानपुर देहात के काशिफ खान समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास