राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाऊंगा : ईशान आनंद
लखनऊ, 23 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बाद ईशान आनंद ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती का तहेदिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि बहनजी (मायावती) ने उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुश्री मायावती के दिशा-निर्देशन में पार्टी और बहुजन मूवमेंट को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
ईशान ने कहा कि वह बहुजन समाज के संतों, गुरुओं और महापुरुषों, खासकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम को नमन करते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वह उन्हें कभी निराश नहीं करेंगे और हमेशा मायावती के बताए रास्ते पर चलेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें