महंगाई रोकने और नौकरी देने की कोई व्यवस्था नहीं - अखिलेश यादव
लखनऊ, 8 सितंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाज में जितना अधिक सौहार्द होगा, उतना ही भविष्य बेहतर होगा। लोकतंत्र और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान भी इसी रास्ते पर चलने की सीख देता है।नई पीढ़ी और नई सोच का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी की नई सोच होती है, इसलिए नई यूनिफॉर्म है। यूनिफॉर्म एकरूपता लाती है। उन्होंने कहा कि नीला रंग विचार के साथ बहुजन समाज से जुड़ा रहा है और ब्लू कलर विचारधारा का भी प्रतीक है। धार्मिक मुद्दों पर भाजपा को घेरते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भगवान से उन्हें डरना चाहिए जो चंदा और चढ़ावा चोरी कर रहा होगा। ऐसा व्यक्ति सबसे बड़ा बहुरूपिया होगा। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण की जन्माष्टमी पूरी दुनिया में मनाई जाती है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे कथित नकारात्मक अभियान को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर जितना नकारात्मक अभियान चल रहा है, उसे भाजपा और भाजपा से जुड़े लोग चला रहे हैं। प्रदेश की समस्याओं को लेकर सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार के पास महंगाई रोकने और युवाओं को नौकरी देने की कोई व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने बारिश और जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां-वहां पानी भर रहा है। उन्होंने सरकार से जनता की बुनियादी समस्याओं पर गंभीरता से काम करने की मांग की। इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा मुख्यालय में समाजवादी छात्र सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की करीब दो घंटे बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की।
इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और छात्र मतदाताओं के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने को लेकर मंथन किया गया। पार्टी के सूत्रों की मानें तो बैठक में दलित मतदाताओं के बीच समाजवादी पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। राजनीतिक हलकों में इसे बहुजन समाज पार्टी के परंपरागत दलित मतदाताओं के बीच सपा की पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों के लिए नई वेशभूषा भी तय की गई है। इसके तहत नीली जींस, नीली टी-शर्ट और लाल टोपी पहनने के निर्देश दिए गए हैं। टी-शर्ट पर समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न और लोगो बनवाने के लिए भी कहा गया है। बैठक में तय किया गया कि छात्र सभा के कार्यकर्ता प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और विश्वविद्यालय में जाकर छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। अखिलेश यादव ने पदाधिकारियों को छात्रों की शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और उनके बीच पार्टी की नीतियों एवं पूर्ववर्ती सपा सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा और राष्ट्रीय महासचिव मुकुल यादव समेत प्रदेशभर से आए राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। छात्र सभा को चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने और युवाओं के बीच संगठन का आधार मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें