2027 में सपा सरकार बनी तो लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि होगी 51 हजार: अखिलेश
लखनऊ, 01 अक्टूबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है तथा सामाजिक न्याय ''भाजपाई इमरजेंसी'' के दौर से गुजर रहा है।उन्होंने कहा कि जिस तरह लोगों ने आपातकाल के दौरान एकजुट होकर संघर्ष किया था, उसी तरह अब लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए फिर एकजुट होना होगा। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित लोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के आशीर्वाद और अनुभव से प्रदेश और देश से ''बीजेपियन इमरजेंसी'' को हटाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में लोकतंत्र रक्षक सेनानियों की सम्मान राशि 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी। सेनानियों के महत्वपूर्ण सुझावों पर अमल किया जाएगा। उनके दवा और इलाज की व्यवस्था के साथ सरकारी अस्पतालों में विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उपचार नि:शुल्क कराया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समान सम्मान देने, बस और ट्रेन में मुफ्त यात्रा समेत अन्य सुझावों को समाजवादी पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा और सरकार बनने पर उन्हें लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दौरान जिन परिस्थितियों में अन्याय और अत्याचार का सामना किया, उसकी यादें साझा की हैं और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। नेताजी मुलायम सिंह यादव ने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान दिया था और समाजवादी सरकार में उनके लिए सम्मानजनक व्यवस्था की गई थी।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ''जिस काल में पीडीए पर अत्याचार होगा, वह हर काल आपातकाल होगा।'' उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियां 1975 के आपातकाल से भी अधिक कठिन हैं। भाईचारे और सौहार्द को खत्म कर समाज में खाई पैदा की जा रही है तथा भाजपा सरकार सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को न्याय नहीं मिल रहा और पुलिस भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस संबंध में पहले से आवाज उठाती रही है और अब उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियां भी सामने आई हैं। उनके मुताबिक इस संकट का समाधान भाजपा को सत्ता से हटाने के बाद ही होगा।
श्री यादव ने कहा कि आज लोगों की आवाज दबाई जा रही है और सच बोलने तथा सच्चाई दिखाने पर पुलिसिया कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने गोरखपुर में जलभराव और बाढ़ की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चाई दिखाने पर एक नौजवान के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र रक्षक सेनानियों में आज भी वही ऊर्जा है, जो ''सिंहासन खाली करो कि जनता आती है'' के उद्घोष में दिखाई देती थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचेगा तभी संविधान बचेगा और लोकतंत्र सेनानी एक बार फिर परिवर्तन की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह में देवरिया के रमजान अली ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की सभाओं में गाए जाने वाले गीत ''जाग उठी तरुणाई'' प्रस्तुत किया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भी लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को संबोधित किया।
सम्मेलन का आयोजन सांसद आनंद भदौरिया ने किया। इस अवसर पर सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक जयशंकर पाण्डेय, विधायक रविदास मेहरोत्रा, राजमणि पाण्डेय, सुभाष श्रीवास्तव, चन्द्रशेखर सिंह और बेचई यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं लोकतंत्र रक्षक सेनानी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें