2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना दल (एस) ने संगठन मजबूत करने की तैयारी तेज की

 


लखनऊ, 02 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर अपना दल (एस) ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में हजरतगंज स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में पार्टी की संगठन समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. गौतम ने की। बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर चर्चा हुई। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।

बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न जिलों में बड़े कार्यकर्ता समागम आयोजित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसी क्रम में 17 अक्टूबर को प्रतापगढ़ में कार्यकर्ता समागम प्रस्तावित है। इसके बाद अन्य जिलों में भी कार्यकर्ता सम्मेलन और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समीक्षा बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की समीक्षा की गई। पार्टी नेतृत्व ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने, जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने और पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) एनडीए का मजबूत और विश्वसनीय सहयोगी है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
निर्वाचन आयोग, मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के सवालों पर उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर संस्थागत व्यवस्था के तहत बात होनी चाहिए। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने संगठन और चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा करने की भी बात कही।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास