उप्र में माध्यमिक विद्यालयों में 20,382 पदों पर भर्ती के विज्ञापन जारी

 


लखनऊ/प्रयागराज, 23 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने तीन विज्ञापन जारी किए हैं। इनके तहत प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 17,735, प्रधानाध्यापक के 1,172 और प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस प्रकार कुल 20,382 पदों पर चयन का अवसर मिलेगा।

टीजीटी के 17,735 पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर और आवेदन पत्र में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की गई है। परीक्षा 23 और 24 दिसंबर को प्रस्तावित है।
आयोग के अनुसार, हाईस्कूल स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती होगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,037 और बालिका विद्यालयों के 135 पद शामिल हैं। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर से शुरू हो गई है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर है। परीक्षा सात जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है।
इंटरमीडिएट स्तर के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बालक विद्यालयों के 1,318 और बालिका विद्यालयों के 157 पद शामिल हैं। इस भर्ती के लिए भी ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन 23 अक्टूबर से शुरू हो गए हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर है। परीक्षा सात जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
आयोग ने तीनों भर्तियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य किया है। अभ्यर्थियों को संबंधित पद के लिए आवेदन करने से पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षिक अर्हता, पात्रता और अन्य शर्तों के संबंध में अलग से व्यक्तिगत परामर्श नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका का अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर उपलब्ध है। इन भर्तियों से माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ विद्यालयों में शिक्षकों और शैक्षणिक नेतृत्व की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास