गांव से ग्लोबल तक की यात्रा है प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा: योगी
लखनऊ, 07 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को गांव से ग्लोबल और जनसेवा से राष्ट्र सेवा की यात्रा बताया है।योगी बुधवार को हजरतगंज स्थित पटेल पार्क में सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उस समय गुजरात भीषण आपदा से जूझ रहा था। उन परिस्थितियों में उन्होंने गुजरात को मॉडल स्टेट के रूप में देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया और प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों में भारत को समर्थ और सशक्त राष्ट्र बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अद्भुत संयोग है कि जब मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तब लखनऊ के सांसद अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे। आज नरेंद्र मोदी वाराणसी के सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 वर्षों की यह यात्रा हर बहन को सुरक्षा की गारंटी, किसान के जीवन में खुशहाली और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं मजबूत करने की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि 12 वर्ष पहले भारत की गिनती फ्रैजाइल-5 में होती थी, आज देश टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में है। कभी कुछ हजार स्टार्टअप थे, आज संख्या ढाई लाख से अधिक है। उन्होंने कनेक्टिविटी, रेलवे विद्युतीकरण, वंदे भारत, अमृत भारत, एयरपोर्ट, हाईवे, एक्सप्रेसवे और यूपी में इनलैंड वॉटरवे का उल्लेख किया।
योगी ने कहा कि एक समय भारत एक चिप के लिए दुनिया पर निर्भर था। आज देश में सेमीकंडक्टर के 12 से अधिक बड़े उद्योग क्रियाशील हैं या उनमें भारी निवेश हो रहा है। भारत चिप निर्यात की दिशा में बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में भी देश हजारों करोड़ के उत्पाद दुनिया को भेज रहा है। एम्स की संख्या 6 से बढ़कर 23 हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में कभी 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' सत्ता के समानांतर अराजकता पैदा करता था। अब 'वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज', 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' और 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन' प्रदेश की पहचान हैं। डिजिटल इंडिया और जनधन खातों का मजाक उड़ाने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज डीबीटी से पूरा पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।
राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा- "कल उत्तर प्रदेश के राज्यसभा के चुनाव ने बता दिया है कि विधानसभा का चुनाव परिणाम क्या होने जा रहा है। यह लड़ाई 80-20 की फिर आ गई है। 80 फीसदी एनडीए में और 20 फीसदी पीडीए में।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा ज्योति को विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाने और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से जनता को जोड़ने का आह्वान किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने 'जन सेवा से देश सेवा' प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सेवा ज्योति की स्थापना की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद संजय सेठ व बृजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, डॉ. महेंद्र सिंह, पंकज सिंह समेत जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें