वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस की बैठक, दिल्ली महारैली की तैयारियों पर चर्चा

 


रायबरेली, 28 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस की जिला इकाई की ओर से बुधवार को तिलक भवन स्थित पार्टी कार्यालय में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं विधायक व पूर्व मंत्री सरदार राणा गुरजीत सिंह तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक इंदल कुमार रावत शामिल हुए।

कांग्रेस प्रवक्ता महताब आलम ने आज बुधवार को बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए सरदार राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि दो अक्टूबर से शुरू हुआ 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान दो महीने तक चार चरणों में चलाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अभियान को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कारण लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि देश के 13 करोड़ लोगों से मतदान का अधिकार छीन लिया गया है।
सरदार राणा गुरजीत सिंह ने रायबरेली कांग्रेस संगठन की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी की ओर से दिए गए कार्यों को यहां के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से पूरा करते हैं। उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली 'दिल्ली चलो महारैली' की तैयारियों की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में पर्यवेक्षक बनाकर भेजा जाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक इंदल कुमार रावत ने कहा कि जब तक चुनाव आयोग और केंद्र सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने और मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग उठाई।
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी और शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने दोनों पर्यवेक्षकों का स्वागत किया। इस अवसर पर सुशील पासी, अशोक सिंह, सुधा द्विवेदी, सुरेंद्र विक्रम सिंह, शत्रोहन सोनकर, वीके शुक्ला, हाजी इलियास, रमेश शुक्ला, सैयदुल हसन, पदमधर सिंह, अजीत सिंह, महेश शर्मा, अंजली पासी और विजय शंकर अग्निहोत्री सहित जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास