समाज, प्रदेश और देश को परिवार मानने वाले ही ला सकते हैं परिवर्तन: योगी


वाराणसी, 15 अक्टूबर (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि जिन लोगों ने समाज, प्रदेश और देश को ही अपना परिवार माना है, वही परिवर्तन ला सकते हैं।
योगी आदित्यनाथ अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को सरोजा पैलेस में आयोजित स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया और काशी में हुए बदलावों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में काशी का कायाकल्प हुआ है। वर्ष 2014 से पहले शहर की संकरी गलियों, सड़कों पर गंदगी के अंबार, निराश्रित गोवंश और सांडों के घूमने, बिजली की समस्या तथा जाम की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले ये समस्याएं काशी की पहचान बन गई थीं। बरसात के दौरान घाटों पर जमा होने वाली मिट्टी भी एक बड़ी समस्या थी।
उन्होंने कहा कि पहले काशी में माफिया और भू-माफिया हावी थे। वे गरीबों, व्यापारियों और अन्य लोगों की जमीन, मकान तथा संपत्तियों पर कब्जा कर भय और दहशत का माहौल बनाते थे। आज काशी अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए नए स्वरूप में आगे बढ़ रही है।
योगी ने कहा कि सरकार निर्माण कार्य करा सकती है, लेकिन उन कार्यों के संरक्षण और सुरक्षा की जिम्मेदारी जनता तथा जागरूक समाज की होती है। यदि जनता जागरूक नहीं होगी, तो बड़े-बड़े निर्माण भी नष्ट होने में देर नहीं लगेगी।
उन्होंने कहा कि सच के साथ खड़ा होना, सत्य को धरातल पर उतारना तथा उसकी सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी लेना जागरूक नागरिक का दायित्व है। नागरिक तभी जागरूक होता है, जब उसके चुने हुए जनप्रतिनिधि भी जागरूक हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि नेतृत्व करने वाला व्यक्ति देर से उठे, केवल अपने परिवार तक सीमित रहे और अपने परिवार को ही समाज मान ले, तो दुर्गति होना तय है। इसके विपरीत, जो लोग समाज, प्रदेश और देश को अपना परिवार मानकर कार्य करते हैं, वही वास्तविक परिवर्तन ला सकते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास