सत्ता के वियोग में व्याकुल व विचलित हैं विपक्ष के नेता: केशव मौर्य
प्रयागराज,(दिनेश तिवारी) उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर हमलावर होते हुए कहा कि चाहे समाजवादी पार्टी (सपा) , बहुजन समाज पार्टी (बसपा) औऱ कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल एकजुट होकर लड़ें या अलग.अलग, उत्तर प्रदेश में " कमल खिल" चुका है।
उप मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष "सत्ता के वियोग में व्याकुल व विचलित" हैं। उन्होंने दावा किया कि सूबे में भाजपा-एनडीए की सरकार है और आगे भी रहेगी। विपक्ष का कोई भी मंसूबा कामयाब नहीं होगा। विपक्ष के आंदोलन पर निशाना साधते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने "इंडी गठबंधन" और कांग्रेस-सपा के आंदोलनों को पूरी तरह फ्लॉप और नौटंकीबाजी करार दिया।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता इस नौटंकी को स्वीकार नहीं करेगी। विपक्ष का यह आंदोलन जनहित में नहीं, बल्कि केवल इस बात के लिए है कि कैसे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद से हटाकर राहुल गांधी को बैठाया जाए। उन्होंने कहा कि देश का माहौल अराजक करने का अधिकार किसी को नहीं। अंतर्राष्ट्रीय शक्तियों के इशारे पर देश को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है।
श्री मौर्य ने दावा किया कि 2027 में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है और सपा का सूपड़ा साफ़ होने जा रहा है। इस बार पंजाब में भी भाजपा सरकार आ रही है। उत्तराखंड व गोवा में हम दोबारा सरकार बनाएंगे। विपक्ष के लोग सत्ता वियोग में विचलित व्याकुल हैं । मुद्दा विहीन है विपक्ष। जनता का समर्थन इनके आंदोलन को नहीं मिला। देश की राजधानी को बंधक बनाने की कोशिश की गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा खनन माफिया, भू माफिया और शिक्षक माफियाओं का भी ठिकाना है। विपक्ष को लगता है कि देश के प्रधानमंत्री की कुर्सी गांधी खानदान की जागीर है और अखिलेश यादव को लगता है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी सैफई खानदान बपौती है। लेकिन वे कहना चाहते हैं कि न तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी मुलायम सिंह यादव के परिवार के लिए आरक्षित है और न देश के प्रधानमंत्री की कुर्सी गांधी खानदान की जागीर है।
देश व प्रदेश की जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है। और भाजपा जनता की सेवा कर रही है। जो सेवा करेगा कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखेगा जनता उसे एक बार नहीं बार बार अपना आशीर्वाद देती है। और इसलिए तीसरी बार भी उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ उच्चतम न्यायालय की ओर कदम बढ़ाने के सवाल पर श्री मौर्य ने कहा कि ये अक्षम्य अपराध है ,राहुल गांधी का। देश के विद्वान अधिवक्तागण न्यायमूर्तिगण इस कदम को उचित नहीं मानते। उनके (राहुल गांधी) पास यदि लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की इच्छा है तो जनता की अदालत में आयें धरना प्रदर्शन करें। लेकिन देश की सर्वोच्च अदालत को आंदोलन में खींचने की कोशिश न करें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें