रामविलास पासवान सामाजिक न्याय की लड़ाई के प्रखर योद्धा थे: योगी
लखनऊ, 08 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह जुझारू तेवर वाले जननेता और दलितों एवं वंचितों की प्रखर आवाज थे। उन्होंने सामाजिक चेतना को नई दिशा देने के साथ सामाजिक न्याय और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सुशांत गोल्फ सिटी में आयोजित रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि के कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भजन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले बिहार की राजनीति में रामविलास पासवान जैसे युवा नेता का उदय हुआ, जिन्होंने दलितों और वंचितों की आवाज को मजबूती से उठाया। बिहार की जनता ने उन्हें सर्वाधिक मतों से जिताकर संसद भेजा और उन्हें बड़ा सम्मान दिया। उन्होंने भारतीय राजनीति में रहते हुए सामाजिक चेतना को जागृत करने तथा समाज के वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए लगातार काम किया।
योगी ने कहा कि उन्हें भी सांसद के रूप में रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक संसद में काम करने का अवसर मिला। उनके मन में भारतीय परंपराओं के प्रति सदैव श्रद्धा और सम्मान था। उनका प्रयास था कि दलित और वंचित वर्गों को न्याय मिले तथा समाज की मुख्यधारा में उन्हें सम्मान और उचित स्थान प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान ने जो कहा, उसके अनुरूप अपना जीवन जिया। उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई को बिना भेदभाव आगे बढ़ाया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उनका सहज, स्नेहपूर्ण और सदाशय व्यवहार लोगों के दिल को छूता था।
उन्होने रामविलास पासवान की पुण्यतिथि को बिहार में राष्ट्रीय समारोह के रूप में आयोजित किए जाने के लिए बिहार सरकार का आभार जताया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को भी धन्यवाद दिया। योगी ने कहा कि रामविलास पासवान को बिहार में जो सम्मान मिला है, वही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिलाया जाएगा।
योगी ने कहा कि रामविलास पासवान की अनुपस्थिति निश्चित रूप से महसूस होती है, लेकिन संतोष की बात है कि चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री के रूप में चिराग पासवान विभिन्न मंचों पर अपनी आवाज को आगे बढ़ा रहे हैं और रामविलास पासवान के सामाजिक सरोकारों को आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें