व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की बैठक में व्यापारियों और श्रमिकों की समस्याओं पर हुई चर्चा
देवरिया, 30 अक्टूबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों एवं श्रमिकों की समस्याओं, बाजारों में अतिक्रमण, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित श्रमिकों के हितों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) के तहत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किए जाने पर ईओ, तकुलवा एवं ईओ, सलेमपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों एवं श्रमिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं श्रमिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित लोगों के साथ संवाद एवं समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में व्यापार मंडल एवं श्रम बंधु के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें