मायावती ने उठाई वर्षों से कार्यरत संविदाकर्मियों के नियमितीकरण की मांग
लखनऊ, 14 अक्टूबर ( वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अगले छह महीने में एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्षों से अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारियों को भी स्थायी नियुक्ति देने की मांग की है।सुश्री मायावती ने बुधवार को 'एक्स' पर कहा कि प्रदेश सरकार ने अगले छह महीने के भीतर एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। यह बेहतर होता कि विभिन्न सरकारी विभागों में वर्षों से अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारियों को भी स्थायी नौकरी देने की व्यवस्था में शामिल किया जाता।
बसपा प्रमुख ने सरकारी तंत्र में आउटसोर्सिंग और संविदा व्यवस्था को शोषणकारी बताते हुए इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में भर्ती की प्रक्रिया के साथ-साथ लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) के तहत कई वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे संविदाकर्मियों को भी नियमित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाना उचित होगा।
बसपा अध्यक्ष ने यह भी उल्लेख किया कि एनआरएचएम संविदाकर्मियों के नियमितीकरण सहित अन्य मांगों के समर्थन में कई दिनों से लखनऊ स्थित मान्यवर श्री कांशीराम जी ईको गार्डन के पास धरना दिया जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें