एमएलसी चुनाव नतीजों पर मोदी के तंज का प्रमोद तिवारी ने दिया जवाब, बैलेट पेपर से चुनाव कराने की चुनौती
प्रयागराज, 29 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कांग्रेस पर तंज कसे जाने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने वीडियो जारी कर जवाब दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की चुनौती दी।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' के पिता एवं राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "आप शायद पहले प्रधानमंत्री हैं, जो एमएलसी के सीमित चुनाव पर बोल रहे हैं। हम आपकी परेशानी, बेसब्री और बेकरारी समझ सकते हैं।" उन्होंने कहा कि चुनाव बैलेट पेपर से हुआ और प्रधानमंत्री का कहना है कि इसके बावजूद कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई।
श्री तिवारी ने कहा, "अब हिम्मत बांधिए, क्यों घबरा रहे हैं? आने वाले चुनाव उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब के बैलेट पेपर से करा डालिए। जो परिणाम आएं, उसी हिसाब से 2029 में करा लीजिएगा।"
उन्होंने अयोध्या, काशी, प्रयागराज और मथुरा का उल्लेख करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। तिवारी ने आरोप लगाया कि इन धार्मिक स्थलों से भाजपा के खिलाफ संदेश मिल रहा है और इसे उन्होंने कथित 'चंदा चोरी' से जोड़ते हुए कहा कि पार्टी को इसकी सजा मिल रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि एमएलसी चुनाव में अक्सर उसी दल के प्रत्याशी जीतते रहे हैं, जिसकी सरकार होती है। इसके बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री से पीछे नहीं हटने और लोकसभा के साथ ही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड तथा पंजाब के चुनाव भी बैलेट पेपर से कराने की चुनौती दोहराई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें