सपा शासन में अपनों को मिलती थी नौकरी: योगी

 


वाराणसी, 14 अक्टूबर (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि उनकी सरकार के दौरान भर्ती आयोगों और बोर्डों में परिवार के लोगों को बैठाकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलती थी और सैफई सिंडिकेट के बाहर के युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी।

योगी ने कहा कि जब सरकार में गति ही नहीं थी तो प्रगति कैसे होती। प्रगति नहीं होने के कारण युवाओं की दुर्गति हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान भर्ती आयोगों और बोर्डों में सैफई सिंडिकेट से जुड़े लोगों को नियुक्त किया गया था और उनके माध्यम से भर्तियां की जाती थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में नौ लाख 50 हजार से अधिक सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नियुक्ति पत्र वितरित नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में उन्होंने एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की बात कही थी। इस संबंध में चार कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती का परिणाम भी बुधवार को घोषित किया गया है। इसके तहत 32 हजार युवाओं की भर्ती का परिणाम घोषित हुआ है और जल्द ही उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ पूरी की जा रही है।
सपा सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय अनिल यादव को एक आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था, जबकि उनके अनुसार वह इस पद के लिए योग्य नहीं थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए दावा किया कि सपा शासनकाल में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक में तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण एक अभ्यर्थी को आयोग की परीक्षा में शीर्ष स्थान मिला था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में अराजकता, दंगे और उपद्रव होते थे तथा माफिया का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था और कई जिले ऐसे थे, जिनके नाम पर होटल और धर्मशालाओं में भी जगह नहीं मिलती थी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास