जहर पंडित हत्याकांड में करवरिया बंधुओं की दूसरी जमानत अर्जी खारिज
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) समाजवादी पार्टी के तत्कालीन विधायक जवाहर यादव उर्फ जवाहर पंडित हत्याकांड में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद कपिल मुनि करवरिया, पूर्व एमएलसी सूर्यभान करवरिया और रामचंद्र त्रिपाठी उर्फ कल्लू की दूसरी जमानत अर्जी खारिज कर दी।
उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति सलील कुमार राय और न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल की खंडपीठ ने सुनवाई के बाद रामचंद्र त्रिपाठी, कपिल मुनि करवरिया और सूर्यभान करवरिया की दूसरी जमानत अर्जियां खारिज कर दीं।
यह चर्चित हत्याकांड 13 अगस्त 1996 को प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में हुआ था। तत्कालीन विधायक जवाहर पंडित की दिनदहाड़े एके.47 से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। मामले में सुनवाई के बाद विचारण अदालत ने करवरिया बंधुओं समेत अन्य आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
विचारण अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए रामचंद्र त्रिपाठी, पूर्व सांसद कपिल मुनि करवरिया, पूर्व विधान परिषद सदस्य सूर्यभान करवरिया और पूर्व विधायक उदयभान करवरिया ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में आपराधिक अपील दाखिल की है। इसी मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे तीन अभियुक्तों की ओर से दूसरी बार जमानत की मांग की गई थी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें