कक्षा एक से आठ तक की परीक्षा का कार्यक्रम जारी, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और निष्पक्ष मूल्यांकन पर रहेगा जोर
लखनऊ, 29 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी।उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को परीक्षाएं पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति का आकलन करने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में परिषद ने परीक्षाओं की तैयारियों, प्रश्नपत्रों के मुद्रण एवं वितरण और मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए मॉडल प्रश्नपत्र जनपद स्तर पर तैयार कराए जाएं। प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण और विद्यालयों तक वितरण सुनिश्चित करने के साथ उनकी गोपनीयता भी बनाए रखी जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा एक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा दो और तीन में लिखित एवं मौखिक, जबकि कक्षा चार और पांच में भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार लिखित तथा मौखिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, कक्षा छह से आठ तक की परीक्षाएं लिखित होंगी।
परीक्षाओं में हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत/उर्दू, सामाजिक विषय, कला-संगीत, विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन सहित विभिन्न विषय शामिल होंगे। संबंधित अधिकारियों को कक्षावार परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बेसिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, उनके सुरक्षित रखरखाव और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया समय से पूरी करने पर जोर दिया है। सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने को कहा गया है।
परिषद का उद्देश्य परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों का आकलन करना और शिक्षण प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाना है। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने कहा कि शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएंगी।
सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण एवं वितरण सुनिश्चित करने और उनकी गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मूल्यांकन कार्य समय से पूरा कराकर परीक्षा परिणाम घोषित करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें