16 साल बाद रमाबाई मैदान में बसपा की वापसी की तैयारी, छह दिसंबर को बड़ी रैली की चर्चा तेज
लखनऊ, 2 नवंबर ( वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 6 दिसंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल से चुनावी बिगुल फूँकने की तैयारी में जुटी है। पार्टी के संभावित आयोजन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।दरअसल, लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल पर 5 और 6 दिसंबर के लिए बुकिंग कराई गई है। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर 6 दिसंबर को बसपा यहां बड़ी रैली या जनसभा आयोजित कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार इस आयोजन को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि वर्ष 2010 के बाद पहली बार रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल पर पार्टी का कोई बड़ा राजनीतिक आयोजन होगा। करीब 16 साल बाद इसी मैदान से बसपा एक बार फिर अपनी राजनीतिक ताकत और चुनावी तैयारियों का संदेश दे सकती है।
आयोजन को लेकर 5 नवंबर को होने वाली बसपा की प्रदेश इकाई की बैठक पर भी नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में रैली की तैयारियों और आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में सबकी निगाहें बसपा नेतृत्व के अगले कदम पर हैं।
.png)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें