भारत में बंपर बिक्री से सुजुकी मोटर का राजस्व 16.8 प्रतिशत बढ़ा

 


मुंबई, 10 नवंबर (वार्ता) जापानी कंपनी सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन का राजस्व चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर की दूसरी तिमाही में 16.8 प्रतिशत बढ़कर 1,713 अरब येन पर पहुंच गया।

इसमें भारतीय कारोबार का योगदान सबसे अधिक रहा जहां मारुति सुजुकी इंडिया के जरिए उसकी सबसे अधिक उत्पादन और बिक्री है। मारुति सुजुकी में सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन की हिस्सेदारी 58.72 प्रतिशत है।
मारुति सुजुकी इंडिया ने मंगलवार को सुजुकी मोटर के वित्तीय परिणामों के बारे अपडेट जारी किया। इसमें बताया गया है कि दूसरी तिमाही में जापानी कंपनी का परिचालन लाभ एक साल पहले के मुकाबले 0.6 प्रतिशत घटकर 134 अरब येन रह गया।
वित्त वर्ष की पहले छमाही में राजस्व 19.4 फीसदी बढ़कर 3,419 अरब येन पर और परिचालन लाभ 5.5 प्रतिशत बढ़कर 292 अरब येन पर पहुंच गया।
छमाही के दौरान यात्री वाहनों के कारोबार से कंपनी को 3,090 अरब येन की कमायी हुई जिसमें भारतीय कारोबार से राजस्व में 28.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1,391 अरब येन हो गया।
कंपनी ने बताया कि इन छह महीनों में परिचालन लाभ में हुई वृद्धि में विदेशी मुद्रा विनिमय का योगदान 52 प्रतिशत सकारात्मक और कच्चे माल की कीमत में बदलाव का 151 प्रतिशत नकारात्मक रहा है। इस दौरान डॉलर और यूरो के मुकाबले येन की मजबूती का उसे फायदा हुआ है। साथ ही रुपये की तुलना में येन की कमजोरी भी उसके लिए सकारात्मक रही।
अप्रैल से सितंबर के दौरान कंपनी के यात्री वाहनों की कुल बिक्री 19.18 लाख इकाई रही। इसमें अकेले भारत में उसने 11.47 लाख वाहन बेचे। यह एक साल पहले की तुलना में 31.6 प्रतिशत अधिक है। भारत में यात्री वाहनों का उत्पादन 13.30 लाख इकाई रहा जो सालाना आधार पर 26.6 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है।
सुजुकी मोटर भारत में अपनी मोटरसाइकिलें अकेले बनाती है। पहली छमाही में इस खंड में उसकी बिक्री 11.67 लाख इकाई रही जिसमें भारतीय बाजार में उसने 6.13 लाख मोटरसाइकिलें बेची हैं। यह पिछले साल की समान छमाही से 8.4 प्रतिशत अधिक है। भारत में मोटरसाइकिलों का उसका उत्पादन 7.2 फीसदी बढ़कर 6.68 लाख हो गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास