अब बड़के भइया का झंडा उठाना बंद करिए, डरकर कब तक करेंगे राजनीति: राजभर
लखनऊ, 2 नवंबर ( वार्ता) उत्तर प्रदेश के कबीना मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुये कहा कि अब बड़के भइया (राहुल गांधी) का झंडा उठाना बंद कीजिये, डर कर कब तक राजनीति करेंगे।श्री राजभर ने एक्स पर पोस्ट किया और कहा कि अब अखिलेश को डरकर राजनीति करने के बजाय अपना राजनीतिक स्टैंड स्पष्ट करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर भी तंज कसा।
उन्होने कहा, ''अखिलेश यादव जी, लगता है मैंने जो सुबह कहा था, वह आपको शाम तक समझ आ गया। आखिर कब तक दबकर राजनीति करेंगे? अब बड़के भइया से डरना नहीं है। यही समय है, सही समय है। कम से कम बड़के भइया का झंडा उठाना तो बंद करिए।''
सुभासपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि रैली करने के बाद बड़के भइया फिर थाईलैंड, वियतनाम या मंगोलिया निकल जाएंगे और अखिलेश यादव को यहां सीटों के बंटवारे को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य से बातचीत करनी पड़ेगी।
राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य का जिक्र करते हुए कहा कि वह वही नेता हैं, जो बड़के भइया के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं और अखिलेश यादव की राजनीतिक हैसियत पर सवाल उठाते फिरते हैं। अखिलेश ने उन्हें पूरा सम्मान दिया, लेकिन बदले में उन्हें अपमान ही मिला।
उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि अखिलेश यादव का राजनीतिक स्तर दिन-ब-दिन गिरता जा रहा है। उनके कार्यकर्ता उम्मीद लगाए बैठे हैं कि पार्टी अध्यक्ष कोई बड़ा राजनीतिक धमाका करेंगे, लेकिन वह फुस्स पटाखा साबित हुए। राजभर ने अखिलेश यादव को अपना रुख स्पष्ट करने की नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपना स्टैंड साफ-साफ बता देना चाहिए या फिर दिल्ली के चक्कर लगाते रहना चाहिए।
श्री राजभर के इस बयान से उत्तर प्रदेश की राजनीति में विपक्षी गठबंधन और उसके नेताओं के बीच रिश्तों को लेकर एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें