मलेरिया और कालाजार के उन्मूलन के लिए शीघ्र जांच और मजबूत निगरानी जरूरी: विशेषज्ञ
लखनऊ, 13 नवंबर (वार्ता)। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) इंडिया के सहयोग से शुक्रवार को मलेरिया और कालाजार पर एक दिवसीय सीएमई-सह-कार्यशाला आयोजित की गई।'मलेरिया एवं कालाजार: प्रयोगशाला से उन्मूलन तक' विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने रोगों के उन्मूलन के लिए शीघ्र प्रयोगशाला जांच, प्रभावी उपचार और मजबूत निगरानी व्यवस्था को महत्वपूर्ण बताया। एसजीपीजीआई के रायबरेली रोड स्थित एचजी खुराना सभागार में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आरके धीमन ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार, डब्ल्यूएचओ के जोनल समन्वयक (एनटीडी) डॉ. नित्यानंद ठाकुर और राज्य समन्वयक (एनटीडी) डॉ. तन्नुज आर. शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन अध्यक्ष एवं माइक्रोबायोलॉजी तथा संक्रामक रोग विभाग के प्रमुख प्रो. रुंगमेई एसके मारक और आयोजन सचिव डॉ. अवधेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रो. मारक ने अपने संबोधन में मलेरिया और कालाजार के उन्मूलन के लिए भारत सरकार तथा डब्ल्यूएचओ की ओर से की जा रही पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत ने कालाजार उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है और वर्ष 2030 की समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए मलेरिया उन्मूलन के प्रयास भी तेज किए जा रहे हैं।
प्रो. धीमन ने कहा कि रोग की शीघ्र प्रयोगशाला जांच मरीज के उपचार और निगरानी का महत्वपूर्ण आधार है। रोग उन्मूलन के प्रमाणन के लिए प्रशिक्षित चिकित्सकों और प्रयोगशाला कर्मियों के साथ विश्वसनीय निगरानी आंकड़े तथा सुव्यवस्थित दस्तावेजीकरण भी आवश्यक हैं।
डॉ. नित्यानंद ठाकुर ने उत्तर प्रदेश और देश में कालाजार एवं मलेरिया की स्थिति की जानकारी दी। एसजीपीजीआई के डॉ. अवधेश कुमार ने कालाजार की सूक्ष्मजीवविज्ञानी जांच, जबकि बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के प्रो. अमरेश कुमार सिंह ने इसके नैदानिक निदान और उपचार पर व्याख्यान दिया। डॉ. तन्नुज आर. शर्मा ने कालाजार उन्मूलन एवं प्रमाणन के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और डोजियर तैयार करने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला।
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के प्रो. मनोदीप सेन ने मलेरिया की महामारी विज्ञान पर जानकारी दी। एसजीपीजीआई के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अक्षय आर्य ने मलेरिया की सूक्ष्मजीवविज्ञानी जांच और संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. इम्तियाज शरीफ ने इसके नैदानिक निदान एवं उपचार के बारे में बताया।
व्याख्यान सत्र के बाद प्रयोगशाला में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें विभिन्न चिकित्सकीय पृष्ठभूमि के 30 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इन सत्रों में एसजीपीजीआई के संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों और शोधार्थियों के साथ डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉ. मोहम्मद साकिब ने संसाधन व्यक्ति के रूप में योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन सचिव डॉ. अवधेश कुमार ने प्रतिभागियों, संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, शोधार्थियों और तकनीकी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें