युवाओं की प्रतिभा के आड़े नहीं आने देंगे संसाधनों का अभाव-योगी
लखनऊ, 15 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। उसे केवल बेहतर अवसर और आधुनिक संसाधनों की जरूरत है। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी भी युवा की प्रतिभा और तरक्की के रास्ते में बाधा न बने।मुख्यमंत्री श्री योगी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर युवाओं के उत्थान और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने को लेकर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूर्ववर्ती सरकारों ने युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा। युवाओं की प्रतिभा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए भी कोई ठोस पहल नहीं की गई।
श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है। डिजिटल इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के माध्यम से अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए आज लखनऊ से 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों से जोड़कर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चाहती है कि उत्तर प्रदेश का प्रत्येक नौजवान अपनी मेहनत, प्रतिभा और क्षमता के बल पर सफलता की नई कहानी लिखे।
श्री योगी ने कहा कि युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने टैबलेट वितरण योजना के सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें