गोरखपुर के कुसमी जंगल में मिला कवक का नया वंश, बीएचयू के शोधकर्ताओं ने की खोज

 


वाराणसी, 18 नवंबर (वार्ता) काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शोधकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित कुसमी जंगल से कवक के एक नए वंश 'पेड्रोक्रूसियोप्सिस' की खोज की है। यह कवक वर्ष 2022 में होलोप्टेलिया इंटीग्रिफोलिया पौधे की रोगग्रस्त पत्तियों से प्राप्त हुआ था। इसकी विशिष्ट संरचनात्मक विशेषताओं के आधार पर इसे नया वंश घोषित किया गया है।

इसका नामकरण प्रसिद्ध कवक वैज्ञानिक प्रोफेसर पेड्रो विलेम क्रूस के सम्मान में किया गया है। शोधकर्ताओं ने इसकी पहचान के लिए डीएनए विश्लेषण, आणविक तकनीक और इलेक्ट्रॉन सूक्ष्मदर्शी का उपयोग किया।
शोध में इस कवक में कई जैवसक्रिय रासायनिक यौगिकों की मौजूदगी भी सामने आई है, जिनमें कवकरोधी, जीवाणुरोधी, कैंसररोधी और प्रतिरक्षा नियंत्रित करने की संभावनाएं हैं। इससे भविष्य में औषधि एवं जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए अनुसंधान के रास्ते खुल सकते हैं। यह शोध 17 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका 'माइकोलॉजिकल प्रोग्रेस' में प्रकाशित हुआ है।
बीएचयू के वनस्पति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुए इस शोध में सौम्यदीप राजवार, जयप्रकाश, संजीत कुमार वर्मा, संजय यादव, अमन गुप्ता और गार्गी सिंह शामिल रहे। रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. कमलेश कुमार ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शोधकर्ताओं के अनुसार, यह खोज भारत की अज्ञात कवक जैव विविधता और प्राकृतिक औषधीय संसाधनों की खोज की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास